
रायबरेली में खुलेआम चल रहा जुए का खेल, पुलिस की भूमिका पर सवाल
रायबरेली।
जनपद के थाना लालगंज क्षेत्र के अंतर्गत बहादुरगंज निवासी एक व्यक्ति की जुए में संलिप्तता की तस्वीरें इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। वायरल फोटो में संबंधित व्यक्ति ताश के पत्तों के साथ बैठे हुए और हाथों में 500-500 रुपये की गड्डियां थामे नजर आ रहा है। आसपास कई लोग बैठे दिख रहे हैं जो इस कथित जुए के खेल में शामिल बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, वायरल फोटो में दिखाई दे रहा यह व्यक्ति पेशे से बाजारों में मुर्गी काटकर बेचने का काम करता है, लेकिन गुपचुप तरीके से जुए की बुक लगाकर अवैध कमाई करता है। बताया जाता है कि इसके संबंध तीन थानों – लालगंज, खीरो और गुरुबक्शगंज – से जुड़े हुए हैं। यही वजह है कि लंबे समय से इस प्रकार का गोरखधंधा क्षेत्र में फल-फूल रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी ऐसे मामलों की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, परंतु ठोस कार्रवाई न होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। जनता का सीधा आरोप है कि स्थानीय स्तर पर संरक्षण प्राप्त होने के कारण जुआ माफिया बेखौफ तरीके से अपने खेल को जारी रखे हुए हैं।
लोगों ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि वायरल तस्वीरों की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा पुलिस विभाग की जवाबदेही भी तय की जाए।
जनता का सवाल है कि जब तक जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक इस तरह के अवैध खेल और गोरखधंधे पर अंकुश लगाना मुश्किल है।










