
CRS NEWS रायबरेली : रायबरेली। जिले में तापमान में लगातार गिरावट के चलते ठंड और गलन बढ़ती जा रही है। मंगलवार को अन्य दिनों की तुलना में लोगों ने अधिक सर्दी महसूस की। न्यूनतम तापमान गिरकर 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंड के साथ-साथ घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया, जिससे दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर रह गई।
सुबह के समय सड़कों और रेलवे ट्रैक पर घना कोहरा छाया रहा, जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण कई इलाकों में यातायात की रफ्तार धीमी रही। ठंड बढ़ने से लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
चंद्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि पिछले दिनों की अपेक्षा गलन में इजाफा हुआ है। उनके अनुसार, आने वाले 48 घंटों में प्रदूषण, धुंध और कोहरा और बढ़ सकता है। साथ ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ (डब्ल्यूडी) सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से नववर्ष की पूर्व संध्या और नए साल के पहले दिन जम्मू-कश्मीर व लेह-लद्दाख में भारी बर्फबारी की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति कम होने से मैदानी इलाकों में कोहरा और शीतलहर का असर बढ़ेगा। हालांकि अगले दो दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन शीतलहर और कोल्ड डे जैसे हालात बने रहने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।










