
पंजाब से आई मां-बेटी ने लगाई न्याय की गुहार, संदिग्ध हालात में हुई पति-पिता की मौत की जांच की मांग
रायबरेली, 31 दिसंबर 2025।
पंजाब से रायबरेली पहुंची एक मां और बेटी ने अपने पति और पिता की संदिग्ध मौत का रहस्य उजागर कराने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में न्याय की गुहार लगाई है। दोनों का आरोप है कि विपक्षियों ने मौत की जानकारी छिपाई और बिना परिजनों को बताए अंतिम संस्कार कर दिया, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मामला रायबरेली जनपद के गुरुबक्सगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चंदई रघुनाथपुर का है, जहां मृतक जगरूप निवास करते थे। यह पूरा मामला करीब एक माह पुराना बताया जा रहा है। मृतक की पत्नी और बेटी, जो पंजाब की रहने वाली हैं, के अनुसार 5 दिसंबर 2025 को बेटी के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया, जिसमें जगरूप की मौत की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मां-बेटी पंजाब से रायबरेली पहुंचीं और गांव चंदई रघुनाथपुर गईं। आरोप है कि गांव पहुंचने पर विपक्षियों ने न तो मौत के कारणों की कोई जानकारी दी और न ही सहयोग किया। इतना ही नहीं, परिवार को बिना सूचित किए ही जगरूप का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
मृतक की बेटी ने अपनी शिकायत में बताया, “मेरे पिता जहां रह रहे थे, वहां से हमें कोई सूचना नहीं दी गई। एक अनजान फोन कॉल के जरिए हमें उनकी मौत की जानकारी मिली। जब हम रायबरेली पहुंचे तो विपक्षी मौत के कारणों पर चुप्पी साधे रहे। बिना बताए अंतिम संस्कार कर देना कई सवाल खड़े करता है और हमें हत्या की आशंका है।”
पीड़ित मां-बेटी ने इस संबंध में विभिन्न अधिकारियों को शिकायती पत्र सौंपे हैं। मंगलवार को दोनों रायबरेली के पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के कार्यालय पहुंचीं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने एसपी से अपील की है कि प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई की जाए, ताकि मौत के रहस्य से पर्दा उठ सके और उन्हें न्याय मिल सके।










