
CRS NEWS मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा योजना) के प्रभावी क्रियान्वयन में जौनपुर जिले ने उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेशभर में अपनी पहचान बनाई है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी ‘यूपी दिवस’ के अवसर पर जौनपुर जिले को विशेष प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे।
प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी लक्ष्य ‘वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी’ को साकार करने की दिशा में सीएम युवा योजना युवाओं के लिए संजीवनी साबित हो रही है। यह योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार तैयार कर रही है।
वर्तमान वित्तीय वर्ष में जौनपुर ने जहां पहला स्थान प्राप्त किया है, वहीं आजमगढ़ दूसरे और हरदोई तीसरे स्थान पर रहे। आजमगढ़ जिले ने योजना के क्रियान्वयन में ब्लॉक स्तर पर कार्यशालाओं का आयोजन, बैंकर्स के साथ आमने-सामने काउंसलिंग जैसे नवाचार अपनाए। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए और अप्रैल 2025 से पहले प्रदेश में 25वें स्थान पर रहने वाला आजमगढ़ अब दूसरे पायदान पर पहुंच गया। जिले में अब तक 3,219 युवाओं को ऋण वितरित किया जा चुका है।
वहीं, हरदोई जिले ने 2,800 के लक्ष्य के सापेक्ष 2,628 युवाओं को लाभान्वित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया है, जो जिले की प्रशासनिक सक्रियता और युवाओं की भागीदारी को दर्शाता है।
अन्य जिलों का भी सराहनीय प्रदर्शन
शीर्ष तीन जिलों के अलावा प्रदेश के कई अन्य जनपदों ने भी सीएम युवा योजना के तहत उल्लेखनीय कार्य किया है।
अंबेडकरनगर प्रदेश में चौथे स्थान पर रहा।
झांसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान प्राप्त किया।
कौशांबी, बहराइच, रायबरेली और महराजगंज जैसे जिलों ने भी युवाओं तक स्वरोजगार के अवसर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सीएम युवा योजना के माध्यम से प्रदेश की युवा शक्ति न केवल आत्मनिर्भर बन रही है, बल्कि उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति को भी नई गति मिल रही है। यह सफलता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व और प्रशासनिक प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण मानी जा रही है।










