
ऊँचाहार,रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के गोकना गंगा घाट पर शाम को एक युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना पर वहाँ आसपास में अफरा-तफरी मच गई। वहाँ मौजूद लोगों ने गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद उसे नदी से निकाल लिया और उसे सीएचसी पहुंचाया । जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों द्वारा उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। युवक के पेट पर एक लड़की का नाम लिखा होने से लोगों ने देखकर लोग हैरत जाहिर किया, बाद में युवक ने जो कहानी बताई वह आशंकाओं से बिल्कुल ही परे थी। युवक ने बताया की उसके पेट पर जिस लड़की का नाम लिखा है ,वह उसकी पत्नी के पूर्व पति की बेटी है ।जिसे वह अपनी बेटी मानता है ।
युवक मूल रूप से सलोन कोतवाली क्षेत्र के गांव तिवारीपुर निवासी अनीश यादव है । युवक के अनुसार उसने जगतपुर थाना क्षेत्र के गांव हेवतहा नेवढ़िया निवासी महिला गोमती के साथ डेढ़ साल फरीदाबाद के धार्मिक स्थल पर प्रेम विवाह किया था।वर्तमान में वह अपनी पत्नी को लेकर मुंशीगंज में किराए के मकान पर रह रहा है ।युवक का आरोप है कि उसके सास-ससुर की मृत्यु हो चुकी है ।लेकिन उनके नौकरों द्वारा उसके ससुराल की पैतृक संपत्ति पर कब्जा किया जा रहा है ।उसकी पुत्री हेवतहा नेवढ़िया अपने ननिहाल में रहती है । उसकी बेटी को भी आए दिन उन लोगों द्वारा परेशान किया जा रहा है । उन लोगों ने संपत्ति के लालच में उसकी पत्नी पर भी पूर्व में हमला किया था ।जिसमें उसकी पत्नी का पैर टूट गया था। मंगलवार को इसी मामले की शिकायत करने अनीश अधिकारियों के पास जिला मुख्यालय गया हुआ था । उसका कहना है की उसे रास्ते में रोककर धमकी दी गई की यदि वह अपनी पत्नी को छोड़ कर नहीं गया तो उसकी बेटी व पत्नी की हत्या कर दी जाएगी, युवक के अनुसार इससे आहत होकर उसने आत्महत्या की नीयत से गंगा नदी में छलांग लगा दी। फिलहाल मामले की जांच पुलिस कर रही है ।सच्चाई क्या है ?यह जांच के उपरांत ही पता चलेगा।
कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि युवक द्वारा दिये बयान के आधार पर छानबीन की जा रही है।










