
ऊँचाहार,रायबरेली। दशहरा के पावन अवसर पर मां गंगा गोकर्ण ऋषि की तपस्थली गोकना घाट पर गंगा की पूजा अर्चना के साथ गंगा अवतरण मनाया गया। बाद में क्षेत्र के समाजसेवी अमरेन्द्र सिंह चच्चू की ओर से भंडारा का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
गुरुवार को गोकना गंगा तट पर गंगा के धरती पर अवतरित होने की पावन तिथि के अवसर पर मां गंगा गोकर्ण जनकल्याण सेवा समिति की ओर से गंगा पूजन, आरती व दीपदान का कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। समिति के सचिव पं. जितेंद्र द्विवेदी ने बताया कि राजा भगीरथ ने अपने पूर्वजों के उद्धार एवं लोक कल्याण तथा सुख समृद्धि के लिए घोर तपस्या के बाद गंगा को धरती पर लाए थे। आज के ही दिन गंगा ब्रह्मा के कमंडल से निकल कर भगवान शिव की जटाओं से होकर धरती पर अवतरित हुई थीं। तब से अनवरत गंगा लोगों का कल्याण कर रही हैं। बाद में क्षेत्र के समाजसेवी अमरेन्द्र बहादुर सिंह की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। गंगा दशहरा के पावन मौके पर जितेंद्र सिंह ने गरीबों में वस्त्रादि का वितरण किया गया। इस अवसर पर शिवेन्द्र सिंह ‘चुन्नू’, शिव करन तिवारी, कनक बिहारी सिंह, हरिश्चंद्र कौशल, राम किशोर दुबे, शिव कमल सिंह, मनोज शर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।










