
अज्ञात चोरों ने 200 वर्ष पुराने राम जानकी मंदिर को बनाया निशाना, मंदिर से अष्ट धातु की तीन मूर्तियां की चोरी, गांव में मचा हड़कंप
रायबरेली जनपद के डलमऊ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बरारा रामपुर गांव में स्थित लगभग 200 वर्ष पुराने ऐतिहासिक राम जानकी मंदिर को अज्ञात चोरों ने अपना निशाना बना लिया। चोर मंदिर में स्थापित भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता की प्राचीन मूर्तियां चोरी कर ले गए। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने बीती रात मंदिर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब मंदिर के पुजारी राजाराम बाजपेई रोज़ाना की तरह साफ-सफाई और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने मंदिर से मूर्तियां गायब पाईं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मंदिर गांव की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, जिसकी स्थापना लगभग दो सौ वर्ष पूर्व की गई थी। मंदिर से प्राचीन मूर्तियों की चोरी से लोगों की धार्मिक भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं।
सूचना मिलते ही डलमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर अज्ञात चोरों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
मंदिर में हुई चोरी की घटना से ग्रामीणों में गहरा रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मूर्तियों की बरामदगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।










