
लड़ाके की ठंड में अलाव नदारद, जिम्मेदारों की चुप्पी से जनता बेहाल
डलमऊ (रायबरेली)।
तहसील क्षेत्र में इन दिनों कड़ाके की ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन ठंड से राहत दिलाने के लिए लगाए जाने वाले अलाव चौराहों और सार्वजनिक स्थलों से पूरी तरह नदारद हैं। सर्द हवाओं के बीच राहगीर, मजदूर, बुजुर्ग और गरीब तबके के लोग ठिठुरने को मजबूर हैं।
रात के समय हालात और भी बदतर हो जाते हैं। प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की कोई व्यवस्था नहीं दिखाई दे रही है। ठंड से बचाव के इंतजाम न होने से आमजन में रोष बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल ठंड शुरू होते ही प्रशासन द्वारा अलाव की व्यवस्था की जाती थी, लेकिन इस बार जिम्मेदार अधिकारी पूरी तरह मौन साधे हुए हैं। तहसील प्रशासन की लापरवाही के चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जनता ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था कराई जाए, ताकि गरीब, असहाय और राहगीरों को ठंड से राहत मिल सके। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो ठंड से जनहानि की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।










