
रायबरेली पुलिस को बड़ी सफलता, 200 साल पुरानी अष्टधातु की मूर्तियां बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार
लोकेशन : रायबरेली
रायबरेली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। एसओजी व सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने मंदिर से चोरी गई करीब 200 वर्ष पुरानी अष्टधातु की मूर्तियों को बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मूर्तियों की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
मामला डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर बरारा गांव का है, जहां 13 दिसंबर की रात बेखौफ चोरों ने राम जानकी मंदिर से भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता की प्राचीन अष्टधातु की मूर्तियां चोरी कर ली थीं। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसओजी व सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया था। डलमऊ पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चार आरोपियों आयुष त्रिवेदी, अमन कुमार व अभिषेक यादव समेत चार अभियुक्तों को चोरी की गई राम, लक्ष्मण और सीता जी की मूर्तियों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और ₹30 हजार नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बरामद की गई मूर्तियों को विधिवत प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुनः मंदिर में स्थापित कराया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में भरोसा बढ़ा है।










