
CRS NEWS: लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में आज दो दिवसीय ‘पुलिस मंथन’ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन–2025 के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व आधुनिक बनाने पर व्यापक मंथन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बीट पुलिसिंग में सुधार एवं तकनीकी उन्नयन के उद्देश्य से विकसित ‘यक्ष’ ऐप का लोकार्पण भी किया गया। यह ऐप पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
अपने संबोधन में वक्ता ने कहा कि विगत साढ़े आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है कि आज प्रदेश के प्रति लोगों की सोच और परसेप्शन में सकारात्मक बदलाव आया है। उत्तर प्रदेश आज ‘रूल ऑफ लॉ’ का एक सशक्त और प्रभावी उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने कहा कि केवल परंपरागत पुलिसिंग को ही नहीं बदला गया, बल्कि समय की मांग के अनुरूप पुलिस व्यवस्था में संरचनात्मक और तकनीकी परिवर्तन भी किए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस पूरी निष्ठा, समर्पण और दृढ़ता के साथ प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों की सेवा और सुरक्षा के लिए सतत रूप से कार्य कर रही है। सम्मेलन के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों के अनुभवों और विचारों के आदान-प्रदान से पुलिसिंग को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में सार्थक निष्कर्ष निकलेंगे।










