
CRS NEWS रायबरेली : रायबरेली जिले में मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) का कार्य 26 दिसंबर को पूरी तरह समाप्त हो गया है। अभियान की तय समय-सीमा खत्म होने के बाद अब किसी भी प्रकार की अवधि नहीं बढ़ाई जाएगी। एसआईआर पोर्टल को रात 12 बजे से बंद कर दिया गया है और अब केवल ड्राफ्टिंग का कार्य चल रहा है।
एएसडी (अप्रमाणित/संदिग्ध) डाटा के सत्यापन के बाद जिले में लगभग 3 लाख 48 हजार 867 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की प्रक्रिया की जा रही है। सत्यापन रिपोर्ट के अनुसार 67 हजार 808 मतदाताओं की मृत्यु, 1 लाख 70 हजार 508 लोगों के विस्थापित होने तथा 29 हजार 336 मतदाताओं के नाम डुप्लीकेट पाए गए हैं। इसके अलावा 76 हजार 119 लोग सत्यापन के दौरान मौके पर नहीं मिले, जबकि 5 हजार 738 मतदाताओं ने एसआईआर का फॉर्म जमा नहीं किया।एसआईआर के दौरान अब केवल फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया की गई, जिसमें लगभग 8 हजार लोगों ने आवेदन किया है। अभियान समाप्त होने के बाद निर्वाचन आयोग द्वारा ड्राफ्टिंग का कार्य किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 30 जनवरी से सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) द्वारा नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ऐसे मतदाता जिनका नाम वर्ष 2003 या किसी अन्य मतदाता सूची में माता-पिता या परिवार के किसी सदस्य के साथ दर्ज नहीं है, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा।
इस कार्य के लिए जिले की प्रत्येक तहसील में एईआरओ की नियुक्ति की गई है। एक एईआरओ प्रतिदिन लगभग 40 मतदाताओं को नोटिस भेजेंगे। नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं को निर्धारित 13 पहचान दस्तावेजों में से किसी एक के साथ एईआरओ के समक्ष उपस्थित होना होगा। इसके बाद अधिकारी द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया 31 जनवरी तक चलेगी।
निर्वाचन अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से चलाया गया है।









