
CRS NEWS:- उत्तर प्रदेश के मथुरा में वृंदावन के छटीकरा मार्ग स्थित श्रीकृष्ण शरणम् सोसाइटी में संत प्रेमानंद के श्रीकृष्ण शरणम् स्थित फ्लैट संख्या 212 में शनिवार रात साढ़े नौ बजे अचानक आग लग गई। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही फ्लैट में एक सेवक ही रह रहा था। आग की सूचना पर पहुंचे अनुयायियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि प्रेमानंद महाराज पिछले एक महीने से श्री राधाहित कैलिकुंज में निवास कर रहे हैं।
आग लगने की सूचना पर पहुंचे मीडियाकर्मियों और आसपास के लोगों को संत प्रेमानंद के अनुयायियों ने बाहर ही रोक दिया। अनुयायियों ने किसी को फ्लैट तक नहीं पहुंचने दिया। आग कैसे लगी इसकी जानकारी अनुयायियों ने नहीं दी। आरोप है कि घटना के दौरान महाराज के सेवादारों द्वारा स्थानीय लोगों, पुलिसकर्मियों और कवरेज के थे पत्रकारों के साथ की गई अभद्रता ने मामले को और गरमा दिया है।
आपको बताते चलें कि संत के सेवादारों के इस उग्र और अमर्यादित व्यवहार से स्थानीय ब्रजवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि एक ओर जहां संकट के समय लोग मदद के लिए पहुंचे थे, वहीं सेवादारों ने सेवा भाव के बजाय अभद्रता का परिचय दिया। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से सेवादारों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। सेवादारों के व्यवहार ने वृंदावन के धार्मिक और सामाजिक गलियारों में एक नई बहस छेड़ दी है।










