
CRS NEWS : गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मच्छर और माफिया एक-दूसरे के पूरक होते हैं। एक शरीर को अस्वस्थ करता है तो दूसरा पूरे समाज को। जब समाज शारीरिक और सामाजिक स्वच्छता के प्रति जागरूक नहीं होता, तो उसके दुष्परिणाम भुगतने पड़ते हैं।
मुख्यमंत्री मंगलवार को चंपा देवी पार्क में आयोजित गोरखपुर महोत्सव के औपचारिक समापन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सिर्फ संभावनाओं की बात नहीं करती, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर संभावनाओं के अनुरूप परिणाम भी देती है। इसी इच्छाशक्ति का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश माफियामुक्त, दंगामुक्त होकर तेज़ी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार के प्रयासों से नौजवानों को रोजगार मिल रहा है, अन्नदाता किसानों के जीवन में व्यापक परिवर्तन आया है और उद्यमियों व व्यापारियों को भयमुक्त माहौल में कारोबार बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। बहन-बेटियां मुस्कुराते हुए स्कूल और बाजार जा रही हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने बहन-बेटियों की राह में बाधा डालने का दुस्साहस किया तो अगले चौराहे पर यमराज उसका टिकट काटने को तैयार मिलेगा।
उपेक्षा हुई तो संघर्ष की राह चुनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन की सबसे बड़ी ताकत धैर्य और अनुशासन है। उन्होंने कभी धैर्य नहीं खोया। उपेक्षा होने पर संघर्ष का रास्ता अपनाया। इंसेफेलाइटिस की समस्या पर पूर्ववर्ती सरकारों की उपेक्षा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तब सड़कों पर आंदोलन किया और सरकार में आने के बाद पूरी जिम्मेदारी के साथ दो वर्षों में इंसेफेलाइटिस का खात्मा कर दिखाया।
विकास की नई बुलंदियों पर यूपी
सीएम योगी ने कहा कि आज गोरखपुर और उत्तर प्रदेश विकास की नई बुलंदियों पर हैं। 2017 से पहले जब देश आगे बढ़ रहा था, तब गोरखपुर पीछे छूट गया था। 2017 के पहले और बाद के उत्तर प्रदेश और गोरखपुर की तुलना की जाए तो जमीन-आसमान का अंतर दिखाई देता है। 2017 तक गोरखपुर भी उपद्रव और गुंडागर्दी की चपेट में था, गुंडा टैक्स वसूला जाता था, सड़कें जर्जर थीं, बिजली की किल्लत थी और गंदगी व बीमारी के साथ इंसेफेलाइटिस का कहर था। अब सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति से व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।








