
CRS NEWS अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायबरेली में आयोजित 7वें राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण सम्मेलन में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में तंबाकू और उससे बने उत्पादों के उपयोग को पूरी तरह बंद करने का आह्वान किया।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि तंबाकू स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक है और यह कैंसर, हार्ट अटैक, ब्रेन हैमरेज जैसी जानलेवा बीमारियों को जन्म देता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को तंबाकू की लत से मुक्त किया जाए और विशेष रूप से युवाओं को इसके दुष्प्रभाव से बचाया जाए।
उन्होंने देश में तंबाकू उपयोग से जुड़े आंकड़ों पर चिंता जताते हुए बताया कि वर्तमान में लगभग 27 करोड़ लोग तंबाकू या उससे बने उत्पादों का सेवन कर रहे हैं, जो एक गंभीर चुनौती है। उपमुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे तंबाकू का सेवन स्वयं बंद करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में उप अतिरिक्त महानिदेशक डॉ. अविनाश ने कहा कि तंबाकू हर रूप में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, इससे बचाव ही सबसे बड़ा उपचार है।
राष्ट्रीय सलाहकार समिति के सदस्य डॉ. पी.सी. गुप्ता ने भी तंबाकू नियंत्रण को लेकर अपने विचार रखे।एम्स रायबरेली की कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन ने बताया कि जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर लोगों को नशा छोड़ने के लिए जागरूक किया जा रहा है, ताकि स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सके।
सम्मेलन में स्वास्थ्य विशेषज्ञों, चिकित्सकों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।











