
जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य अधिकारियों ने दवा सेवन कर किया।
CRS NEWS रायबरेली: 10 फरवरी 2026, जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) आयोजित किया गया। अभियान का शुभारंभ उच्च प्राथमिक विद्यालय किला, रायबरेली में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नवीन चंद्रा ने बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिला कर किया। सलोन सीएचसी पर प्रधान संघ के अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल ने बच्चों को कृमि मुक्ति की दवा एल्बेंडाजोल दवा खिलाकर किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा ने बताया कि जनपद में शिवगढ़ ब्लॉक को छोड़कर अन्य 19 सीएचसी एवं शहरी क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत एक से 19 साल के 13.44 लाख बच्चों को एल्बेंडाजोल खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जो बच्चे दवा सेवन से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 13 फरवरी को आयोजित मॉप-अप राउंड में दवा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि शिवगढ़ ब्लॉक में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 10 फरवरी से 28 फरवरी तक सर्वजन दवा सेवन (आईडीए) अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें एक वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं अति गंभीर रोगियों को छोड़कर सभी पात्र लोगों को फाइलेरियारोधी दवा दी जाएगी।
इस अवसर पर जायसवाल ने कहा कि बच्चों को कृमि मुक्त करने के लिए आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर और विद्यालयों में दवा खिला रही हैं, जिसमें शिक्षा विभाग का भी सक्रिय सहयोग है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि अभियान की गंभीरता को समझें और अपने बच्चों को दवा अवश्य खिलाएं, क्योंकि पेट के कीड़े बच्चों के शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित करते हैं।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी डी.एस. अस्थाना ने बताया कि 13.44 लाख बच्चों के लक्ष्य के सापेक्ष लगभग 8.64 लाख बच्चों ने एल्बेंडाजोल का सेवन किया। कार्यक्रम में अर्बन नोडल अधिकारी डॉ0 राकेश कुमार यादव, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका डॉ. शांति अकेला, शहरी स्वास्थ्य समन्वयक विनय पांडे आशीष तिवारी ए0आर0पी0, शिक्षक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलोन में अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह एवं स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. शुभ करण ने स्वयं दवा सेवन कर एवं बच्चों को दवा खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। जनपद के अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया गया।











