
कोयला उतारने वैगन पर चढ़ा दिहाड़ी श्रमिक करंट की चपेट में आकर झुलसा।
ऊंचाहार एनटीपीसी परियोजना में मालगाड़ी से कोयला उतारने वैगन पर चढ़ा दिहाड़ी श्रमिक करंट की चपेट में आ गया। जिससे वह झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे गंभीर हालत में परियोजना हास्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परियोजना के अधिकारी पैर फिसलने गिरने की बात कह रहे हैं।
कोतवाली क्षेत्र के पुरवारा गांव निवासी नंद किशोर पुत्र राम संजीवन 35 वर्ष एनटीपीसी में दिहाड़ी मजदूर है। सोमवार की सुबह वह मालगाड़ी से कोयला उतारने के लिए ट्रेन के वैगन पर चढ़ा था। इस दौरान रेलवे के इलेक्ट्रिक वायर में प्रवाहित हो रहे 25 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आ गया। करंट से वह झुलसा और मालगाड़ी के वैगन से नीचे गिर पड़ा। उसको गंभीर चोटें आईं। साथियों ने परियोजना अधिकारियों को सूचना दी। सीआईएसएफ ने उसे गंभीर हालत में परियोजना के जीवन ज्योति हास्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं इस बाबत परियोजना की जनसंपर्क अधिकारी कोमल शर्मा ने बताया कि युवक पैर फिसलने से नीचे गिरा है।करंट लगने की बात ग़लत है। उसका इलाज कराया जा रहा है।










