
ऊंचाहार-इलेक्ट्रिक कटर से सरिया काटते समय करंट की चपेट में आने से दिहाड़ी श्रमिक गम्भीर रूप से झुलस गया, जिसे सीएचसी में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाई शुरू कर दी है।
रामसांडा गाँव के पास बाईपास का निर्माण करवा रही कम्पनी द्वारा प्लांट लगाया गया है, जहां शैलेश कुमार 22 वर्ष निवासी बेमपुरा थाना मधुबन जिला मऊ अपने ही गाँव के एक ठेकेदार के अंडर में मजदूरी का कार्य करता था।मंगलवार की दोपहर वो प्लांट में इलेक्ट्रिक कटर से सरिया काट रहा था, इसी दौरान कटर में संचालित हो रहे करंट की चपेट में आने से वो गम्भीर रूप से झुलस गया, साथी मजदूरों ने आनन फानन उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया।अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
उसके साथ काम कर रहे साथी मजदूर बलवंत ने बताया कि कटर में करंट उतरने की जानकारी उसने अपने साथियों को दी थी लेकिन किसी ने इसको गम्भीरता से नहीं लिया।
कार्यवाहक कोतवाल लोकेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है, अग्रिम विधिक कार्यवाई की जा रही है।









