
रायबरेली में ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं ग्राम प्रधान उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन
रायबरेली, 17 फरवरी 2026। विकास क्षेत्र गौरा में आज ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं ग्राम प्रधान उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन उत्सवपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के निर्देशों के अनुरूप पूर्व प्राथमिक शिक्षा के सार्वभौमीकरण तथा बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता को सुदृढ़ करना रहा।
शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित कक्षावार निपुण लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु पूर्व प्राथमिक शिक्षा को मजबूत बनाने तथा समुदाय में उसकी आवश्यकता एवं महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेजबान खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए स्थानीय प्राधिकारियों एवं ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
मुख्य अतिथि के रूप में प्रधान संघ अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान जलालपुर धई श्री ऋषिप्रसाद (दीनशाह गौरा) उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्यालयों में पंचायतीराज विभाग के सहयोग पर चर्चा करते हुए कहा कि भविष्य में प्रत्येक ग्राम सभा का सबसे उत्कृष्ट भवन उसका विद्यालय होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आदर्श विद्यालय संसाधनों की दृष्टि से पूर्ण होंगे और ग्राम समाज के सशक्त स्तंभ के रूप में स्थापित होंगे।
एसआरजी सुनील यादव ने निपुण भारत मिशन तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत प्राप्त सहयोग, व्यवस्थाओं एवं संचालन की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ अध्यक्ष हरकेश यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ के महामंत्री अखिलेश कुमार, सेवानिवृत्त शिक्षक दिनेश प्रताप सिंह, एआरपी सौरभ कुमार सिंह, एआरपी श्याम शंकर त्रिवेदी, संतोष मौर्य, नोडल संकुल धर्मेंद्र कुमार एवं हेमंत सिंह सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं ग्राम प्रधान उपस्थित रहे। डॉ. राम कृपाल जी ने विद्यालय प्रबंधन समिति की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का सफल संचालन उमेश कुमार वर्मा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षा की गुणवत्ता उन्नयन, सामुदायिक सहभागिता तथा पूर्व प्राथमिक शिक्षा के सुदृढ़ीकरण हेतु सामूहिक संकल्प लिया गया।









