
CRS NEWS: लखनऊ, उत्तर प्रदेश सरकार ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। परिवहन आयुक्त बृजेश नारायण सिंह ने समस्त जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि 01 सितम्बर से 30 सितम्बर 2025 तक प्रदेशव्यापी “No Helmet, No Fuel” (नो हेलमेट, नो फ्यूल) विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी पेट्रोल पम्पों पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। शासन का मानना है कि इस सख्ती से लोगों में हेलमेट पहनने की आदत बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों व गंभीर चोटों में उल्लेखनीय कमी आएगी।
परिवहन आयुक्त ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जनपदों की District Road Safety Committee (DRSC) के माध्यम से अभियान को सख्ती से लागू कराएं। इस दौरान—
परिवहन विभाग और पुलिस विभाग के बीच तालमेल,
खाद्य एवं रसद विभाग के जरिए पेट्रोल पम्पों की निगरानी,
तेल विपणन कम्पनियों (OMCs) और जनसंपर्क विभाग के सहयोग से जन-जागरूकता कार्य किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि पहले भी इस तरह के अभियानों से हेलमेट उपयोग में वृद्धि और सड़क हादसों में कमी आई है। सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति (SCoRS) ने भी हेलमेट अनुपालन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।










