
डीएपी खाद के लिए किसानों की लगी लंबी कतारें, घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिली खाद
सलोन (रायबरेली):
रबी सीजन की बुवाई शुरू होते ही किसानों के सामने खाद संकट खड़ा हो गया है। सलोन तहसील क्षेत्र के खैरानी, पहाड़गढ़ और कापरेटी गांवों में किसानों को डीएपी खाद के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। बावजूद इसके, उन्हें एक बोरी खाद तक नसीब नहीं हो पा रही है।
गांवों में सुबह से ही किसान खाद केंद्रों के बाहर लाइन लगाकर खड़े हैं। कई बुजुर्ग किसान और महिलाएं भी खेत की बुवाई के लिए खाद लेने पहुंचे, लेकिन उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। किसानों का कहना है कि डीएपी खाद का रेट 1200 रुपये तय है, मगर बाज़ार में 1600 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
स्थानीय किसानों ने बताया कि कापरेटी के खाद विक्रेता राजू शुक्ला पर किसानों को खाद देने में कोताही बरतने और मना करने के आरोप लगे हैं। किसानों का कहना है कि कई घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें खाद नहीं मिली, जिससे बुवाई कार्य प्रभावित हो रहा है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत डीएपी खाद की आपूर्ति बढ़ाई जाए और कालाबाज़ारी पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।










