गर्रा नदी जम कर हो रहा है अवैध बालू खनन, क्षेत्र के ग्रामीणों में आक्रोश, रात के अंधेरे में ट्रैक्टर-ट्रालियों से ढुलाई, कार्रवाई की मांग!
शाहजहांपुर/तिलहर-क्षेत्र में गर्रा नदी से अवैध बालू खनन लगातार होते रहने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया है! ग्रामीणों ने खनन माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर विभागीय अधिकारियों और प्रशासन से गुहार लगाई है! बताया जा रहा है कि रविवार को रटा, आजमाबाद, बिहारीपुर समेत कई ग्रामीण इलाकों से रात के अंधेरे में दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रालियों के जरिए अवैध रूप से बालू का खनन और परिवहन किया गया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया!
ग्रामीणों का कहना है कि खनन माफिया बेखौफ होकर रात के समय भारी वाहनों से बालू की ढुलाई कर रहा है! इससे न केवल सड़कों पर आवागमन करने वालों को खतरा बना हुआ है, बल्कि रात में खेतों की रखवाली कर रहे किसानों और आवारा गोवंश को भी दुर्घटना का डर बना रहता है! कई बार ट्रैक्टर-ट्रालियां तेज रफ्तार से गुजरती हैं, जिससे जान-माल का नुकसान होने की आशंका बनी रहती है! ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अवैध खनन की शिकायतें पहले भी की गईं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई न होने से माफियाओं के हौसले बुलंद हैं! उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अवैध बालू खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं और क्षेत्र में नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए!
इस संबंध में प्रशासनिक एडीएम वित्त अरविंद कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील स्तर पर एक समिति गठित की गई है! यदि किसी क्षेत्र में अवैध बालू या मिट्टी का खनन किया जाता है, तो संबंधित तहसील के प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई करेंगे! उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तहसील स्तर पर कार्रवाई नहीं होती है, तो जिला स्तर की टीम मौके पर पहुंचकर खनन माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी! प्रशासन के इस बयान के बाद ग्रामीणों को कार्रवाई की उम्मीद बंधी है, लेकिन उनका कहना है कि जब तक मौके पर ठोस कदम नहीं उठाए जाएंगे, तब तक अवैध खनन पर रोक लगना मुश्किल है!












