
*गदागंज में गंदगी से पटी नाली, जिम्मेदारों की अनदेखी उजागर*
गदागंज, रायबरेली।
स्वच्छ भारत मिशन की हकीकत गदागंज में उस समय उजागर हो गई जब थाना परिसर के सामने किशोरी बालम पुर ग्राम सभा में बनी नाली से उठती बदबू और बजबजाते गंदे पानी ने साफ कर दिया कि स्वच्छता केवल कागजों तक ही सीमित है।
थाना गदागंज के सामने स्थित नाली महीनों से सफाई के इंतजार में है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और स्थानीय सफाई कर्मचारियों की अनदेखी के चलते यह नाली अब संक्रामक बीमारियों का कारण बनने लगी है। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाईकर्मी केवल प्रधानों की चौखट पर सुबह-शाम हाजिरी लगाकर अपनी ड्यूटी पूरी मान लेते हैं। सफाई के नाम पर महज खानापूर्ति होती है। शासन की मंशा है कि गांव, गली और चौराहों की नालियों की समय पर सफाई हो, ताकि आमजन स्वस्थ जीवन जी सकें। लेकिन अधिकारियों की उदासीनता और निगरानी के अभाव में सरकार की नीतियों पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
ग्रामीणों और दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से नाली की सफाई कराई जाए और जिम्मेदार कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराई न जा सके।











