विश्व आद्रभूमि दिवस एवं बर्ड फेस्टिवल का महानगर में किया गया भव्य आयोजन।



शाहजहांपुर। वन विभाग द्वारा प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार की अध्यक्षता में फकरगंज स्थित वेटलैंड पर विश्व आद्रभूमि दिवस एवं बर्ड फेस्टिवल धूम धाम से मनाया गया। कार्यक्रम अंतर्गत युवाओं ने रैली के माध्यम से आद्रभूमि व पक्षियों के संरक्षण विषयक नारों से आकाश गुंजायमान किया। प्रदेश प्रभागीय वनाधिकारी डॉ० सुशील कुमार के निर्देशन में सभी ने विभिन्न पक्षियों सारस, बगुला, नीलकंठ, डोंगो, बबलर, किंगफिशर, पौंड हेरोन आदि पक्षियों को देखा साथ ही उनके बारे में जाना।
प्रभागीय वनाधिकारी ने आद्रभूमि संरक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुई रामसर संधि के बारे में चर्चा की तथा जैव विविधता को खाद्य श्रृंखला की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। वर्ष 2026 की थीम आद्रभूमि और पारंपरिक ज्ञान सांस्कृतिक विरासत का उत्सव के बारे में बताते हुए वरिष्ठ ग्रामवासियों से अपील करते हुए पारंपरिक ज्ञान से पर्यावरण संरक्षण की ओर आगे आने के लिए अनुरोध किया। उन्होंने वैटलैंड को पर्यावरण के गुर्दे की संज्ञा देते हुए उसके महत्त्व पर चर्चा की। क्षेत्रीय वनाधिकारी शत्रुध्न प्रसाद ने जैव विविधता पर विस्तृत व्याख्यान दिया व तालाब व पक्षियों के संरक्षण पर जोर दिया। पक्षियों पर शोध कर रही निधि शर्मा ने पक्षियों की विशेषताओं के बारे में बताया तथा उनकी उपयोगिता व आवश्यकता पर चर्चा की।
क्विज व लूडो प्रतियोगिता अंतर्गत राज कमल, नंदिनी, कौशल, मोहन, अमन, शिवा विजई हुए। चित्रकलां प्रतियोगिता अंतर्गत नंदिनी ने प्रथम, सुधा ने द्वितीय, आकांक्षा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी को मंच द्वारा पुरस्कृत कर अभिप्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति डा० विनय कुमार सक्सेना ने सभी को आद्रभूमि एवं पक्षियों के संरक्षण की शपथ ग्रहण कराई। कार्यक्रम में विशेष सहयोग वन विभाग, प्राथमिक विद्यालय फकरगंज, जिला गंगा समिति व स्थानीय ग्रामवासियों का रहा।









